चांपा में ट्रैक्टर मालिकों से कथित अवैध वसूली का गंभीर आरोप! 500 के चालान और चांपा थाने में 7,500 रुपये देने का दावा

चार ट्रैक्टर पकड़े जाने के बाद थाने में कथित सौदेबाजी का मामला; तीन वाहन मालिकों से अतिरिक्त रकम देने की चर्चा, महीनेदारी देने वाले को सिर्फ चालान पर राहत मिलने की चर्चा
जांजगीर चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर ट्रैक्टर मालिकों से सरकारी चालान की राशि के अलावा हजारों रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। बीते 25 नवंबर को घोघरानाला से चरणनगर मार्ग पर चार ट्रैक्टर पकड़े जाने के बाद थाने में कथित लेन-देन की जानकारी सामने आई है। वाहन मालिकों का दावा है कि जहां सरकारी चालान मात्र 500 रुपये का काटा गया, वहीं तीन ट्रैक्टरों को छुड़ाने के लिए कथित तौर पर 7,500-7,500 रुपये देने पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, चांपा थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान घोघरानाला से चरणनगर मार्ग पर कथित अवैध रेत परिवहन करते चार ट्रैक्टर पकड़े गए। चालकों को वाहन थाने में खड़े करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद चालकों ने अपने वाहन मालिकों को सूचना देकर थाने बुलाया। वाहन मालिकों के पहुंचने के दौरान थाना प्रभारी किसी अन्य कार्य से बाहर चले गए। आरोप है कि इसके बाद वाहन मालिकों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से अपने वाहन छोड़ने की बात कही। बताया जाता है कि करीब दो घंटे तक चली बातचीत के बाद वाहनों को छोड़ने की प्रक्रिया पूरी हुई।
500 रुपये का चालान, फिर 7,500 रुपये किस बात के?
वाहन मालिकों का आरोप है कि कथित बातचीत और सौदेबाजी के बाद एक ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए 7,500 रुपये की रकम तय हुई। दावा है कि तीन ट्रैक्टर मालिकों ने 7,500-7,500 रुपये दिए, जबकि सरकारी चालान केवल 500 रुपये का काटा गया। यदि यह आरोप सही है तो सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकारी चालान के अतिरिक्त ली गई कथित रकम किस मद में थी? क्या इस रकम की कोई आधिकारिक रसीद दी गई? यदि नहीं, तो यह राशि किसके पास और किस आधार पर पहुंची?
महीनेदारी देने वाले को सिर्फ चालान, बाकी को अतिरिक्त रकम?
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में एक ट्रैक्टर मालिक ने यह भी आरोप लगाया है कि वह पहले से कथित मासिक रकम देता था, इसलिए उसका वाहन केवल 500 रुपये का चालान भरने के बाद छोड़ दिया गया। वहीं अन्य तीन वाहन मालिकों को कथित तौर पर 7,500 रुपये देने पड़े। इस दावे ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सवाल उठ रहा है कि क्या कार्रवाई की प्रक्रिया सभी वाहन मालिकों के लिए समान थी या कथित तौर पर पहले से रकम देने और नहीं देने के आधार पर अलग-अलग व्यवहार किया गया?
ट्रैक्टर मालिकों में नाराजगी, वरिष्ठ अधिकारियों से जांच की मांग
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि रेत परिवहन करने वाले कुछ ट्रैक्टर मालिकों से कथित मासिक रकम की मांग की जाती है। आरोप है कि जो वाहन मालिक ऐसी रकम नहीं देते, उनके वाहनों पर कार्रवाई का दबाव बनाया जाता है। ट्रैक्टर मालिकों का कहना है कि रेत-गिट्टी परिवहन ही उनकी आजीविका का साधन है। यदि वैधानिक कार्रवाई के नाम पर सरकारी चालान से अलग अतिरिक्त रकम देनी पड़ेगी तो उनके लिए कारोबार चलाना मुश्किल हो जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारी कराएं निष्पक्ष जांच
मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। जांच में पकड़े गए चारों ट्रैक्टरों की कार्रवाई, काटे गए चालान, वाहन छोड़ने की प्रक्रिया और कथित लेन-देन की पड़ताल की जानी चाहिए। संबंधित वाहन मालिकों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। ट्रैक्टर मालिक का कहना है है चांपा थाने के सीसीटीवी कैमरे में बीते 25 नवंबर के दोपहर की फूटेज से यह स्पष्ट हो जाएगा कि उस दिन चार ट्रैक्टर को थाना में खड़ा कराया गया था।
विधायक से ट्रैक्टर मालिकों ने की शिकायत
चांपा के हनुमानधारा में आज दोपहर जिला कांग्रेस की मासिक बैठक और वनभोज का कार्यक्रम आयोजित था। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक व्यास कश्यप ने भी शिरकत की थी। बताया जा रहा है इस दौरान पीड़ित ट्रैक्टर मालिकों ने विधायक से इस पूरे मामले की मौखिक शिकायत की। बताया जा रहा, तब विधायक व्यास कश्यप ने इस पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी से बात की और इस तरह के मामले की पुनरावृत्ति नहीं होने की हिदायत दी।
शिकायत पर होगी जांच व कार्रवाई
इस मामले में एसपी विजय कुमार पांडेय का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं आया है। यदि मामले की शिकायत होती है तो निश्चित ही जांच और सामने आए तथ्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं एएसपी का कहना है कि मामले में जांच की जाएगी। वहीं जांच में तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
चौथा स्तंभ न्यूज़ | सच के साथ, जनता की आवाज़