
0 एसपी से शिकायत की तैयारी के बीच मामले को खत्म कराने की कवायद? पत्रकार को नोटिस और देख लेने की कथित धमकी से बढ़ा विवाद
जांजगीर चांपा। ट्रैक्टर मालिकों से कथित अवैध वसूली का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। खबर प्रकाशित होने और वाहन मालिकों द्वारा पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने की तैयारी के बीच चांपा थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे की कार्यप्रणाली एक बार फिर चर्चा में है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मामले के सार्वजनिक होने के बाद अब कथित तौर पर ट्रैक्टर मालिकों से समझौता कर विवाद खत्म कराने की कोशिशें की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी किसी न किसी माध्यम से ट्रैक्टर मालिकों तक अपनी बात पहुंचाकर मामले को समाप्त करने और भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने का भरोसा दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, वाहन मालिकों ने कथित तौर पर इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उनका कहना है कि वे अब पीछे हटने के बजाय पुलिस अधीक्षक के समक्ष पूरे मामले की शिकायत करेंगे और निष्पक्ष जांच के साथ कार्रवाई की मांग करेंगे।
ट्रैक्टर मालिकों की नाराजगी की वजह केवल हालिया कार्रवाई नहीं, बल्कि कथित तौर पर मासिक रकम देने का दबाव भी बताया जा रहा है। उनका कहना है कि रेत-गिट्टी परिवहन उनके परिवारों की आजीविका का साधन है। ऐसे में कथित अतिरिक्त आर्थिक दबाव बर्दाश्त करना संभव नहीं है। वाहन मालिकों का रुख साफ है कि मामले की जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पत्रकार को थाने बुलाने की कोशिश, नोटिस और देख लेने की कथित बात से बढ़ा विवाद
सूत्रों के मुताबिक, जब ट्रैक्टर मालिकों से कथित समझौते की बात नहीं बनी तो थाना प्रभारी ने इस मामले को लेकर पत्रकारों से बातचीत करने की कोशिश की। कुछ पत्रकारों से बातचीत भी हुई, लेकिन वहां भी बात नहीं बन सकी। आरोप है कि इसके बाद एक पत्रकार को नोटिस देने और देख लेने जैसी बातें कही गईं। यदि ऐसा हुआ है तो यह पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिहाज से भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब सवाल यह है कि यदि ट्रैक्टर मालिकों के आरोप निराधार हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कराने में परेशानी क्या है? आखिर मामले को बातचीत से खत्म कराने की कोशिश क्यों की जा रही है? क्या पुलिस विभाग इन आरोपों की जांच कराकर सच्चाई सामने लाएगा?
फिलहाल ट्रैक्टर मालिक अपनी शिकायत पर अडिग बताए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक इस पूरे घटनाक्रम को कितनी गंभीरता से लेते हैं और आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए क्या कदम उठाते हैं।