एक ही ज़मीन दो बार बेचकर की ₹5 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना पामगढ़ पुलिस ने ज़मीन से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परमेश साहू (उम्र 41 वर्ष), निवासी भिलौनी, ने पहले अपनी खेत की ज़मीन को 14 फरवरी 2024 को एक व्यक्ति को बेच दिया और रजिस्ट्री भी करवा दी। इसके बावजूद, उसने उसी ज़मीन को 22 फरवरी 2024 को दोबारा बेचने का सौदा कर लिया और पीड़ित गोविंद प्रसाद शर्मा से ₹5 लाख रुपए की ठगी कर ली।
पीड़ित की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 206/2025 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को 11 मई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनि. रामदुलार साहू, आरक्षक यशवंत पाटले, महिला आरक्षक सविता पटेल व थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।