छत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

छत्तीसगढ़ में गोठान पर सियासत तेज, भाजपा के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, रमन राज में गौशाला के नाम पर हुआ था 1667 करोड़ का घोटाला

रायपुर। बीजेपी और कांग्रेस में गौठान को लेकर आज शनिवार को जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगे। बीजेपी ने भूपेश राज में गौठान के नाम पर 1300 करोड़ के घोटाला का आरोप लगाया तो देर शाम कांग्रेस ने पलटवार करते हुए बीजेपी पर भ्रष्टाचार का पुलिंदा मढ़ दिया। कांग्रेस ने कहा कि  बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। मुद्दाविहीन भाजपा राज्य सरकार के जनहित के कामों का विरोध नहीं कर पा रही है तो सफल योजनाओं में झूठे आरोप लगाकर अपनी भड़ास निकाल रही है। रमन राज में गौशाला के नाम पर 1 हजार 667 करोड़ का घोटाला हुआ था। 1000 एकड़ सरकारी जमीन का बंदरबाट हुआ था।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा के ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैविक खाद के बढ़ावा देने के नाम पर उर्वरकों की सब्सिडी में 35 प्रतिशत कटौती की घोषणा करते है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव छत्तीसगढ़ में वर्मी कंपोस्ट का विरोध करते है। भाजपा बतायें मोदी का स्टैंड सही है या साव का। मोदी गोधन न्याय योजना का नाम बदलकर अपने बजट में शामिल करते है। भाजपा की 8 राज्य सरकार गोठान योजना को अपने यहां लागू करने की योजना बनाती है छत्तीसगढ़ के भाजपाई विरोध करते हैं। सुशील आनंद शुक्ला ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में 9790 गोठान बनाकर राज्य के पशओं के संरक्षण उनकी देख-रेख का अभिनव प्रयास किया है। यह पूरी योजना गांव वालों के सहयोग, ग्रामवासियों की ओर से बनाई गयी गोठान समितियों और गांव के बहनों के स्व सहायता समूह के माध्यम से संचालित होती है। भाजपा इस योजना पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगा कर ग्रामवासियों की निष्ठा, ईमानदारी पर सवाल खड़ा कर रही है। गोठानों में भ्रष्टाचार के आरोप भाजपा का दिमागी फितूर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने प्रदेश में 10894 गोठान स्वीकृत किया, जिसमें 9790 गोठानो का निर्माण किया। इन गोठानो के माध्यम से पूरे प्रदेश में 3 लाख 50 हजार एकड़ जमीन चारागाह के लिए आरक्षित है। पूरे देश में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार देश की अकेली सरकार है, जो गौसेवा के लिये गांव के गोधन एवं अन्य पशुओं के लिये गोठान बना कर गोसेवा कर रही है, तो भाजपा को इसमें भी पीड़ा हो रही। भाजपा गोठानों को बदनाम करने के लिये अभियान चला रही जबकि गोठानों और गोधन न्याय योजना की तारीफ पूरे देश में हो रही। भाजपा गोठानों में भ्रष्टाचार की बात कर अपनी खीझ निकाल रही है। भाजपा को गोठान और गौशाला के बीच का मूल फर्क ही नहीं मालूम। गोठान छत्तीसगढ़ की वर्षों की पुरातन परंपरा है, हमारी सरकार ने गांवों के उसी गोठान को संवारने का काम किया है। 15 सालों तक भ्रष्टाचार करने वालों को हर जगह भ्रष्टाचार नजर आता है। भ्रष्टाचार तो 15 सालों तक रमन राज में होता था। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, राम गिडलानी, प्रकाश मणी वैष्णव, विकास विजय बजाज, सत्य प्रकाश सिंह मौजूद रहे।