छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

बिजली कंपनी के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ द्वारा लंबे समय से चलाए जा रहे आंदोलन एवं लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप बिजली कंपनी प्रबंधन ने वर्ष 2004 के बाद नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

रायगढ़ रीजन के अध्यक्ष प्रमोद कुर्रे ने बताया कि बिजली कंपनियों में वर्ष 2004 के बाद से कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने के संबंध में बिजली कंपनी प्रबंधन द्वारा वर्तमान प्रदेश सरकार से आवश्यक पूर्ण सहमति प्रदान करने हेतु आवेदन किया गया है। इस संबंध में महत्वपूर्ण फाइल बिजली कंपनी के चेयरमैन स्तर से आगे बढ़ते हुए प्रदेश सरकार के समक्ष पहुंच चुकी है।

महासंघ का मानना है कि प्रदेश सरकार से पूर्ण सहमति प्राप्त होने के पश्चात बिजली कंपनी प्रबंधन द्वारा शीघ्र ही आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर पात्र अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की दिशा में ठोस निर्णय लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि कर्मचारियों के हित में संगठन का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा और पुरानी पेंशन बहाली तक महासंघ पूरी मजबूती के साथ कर्मचारियों की आवाज उठाता रहेगा।

Leave a Reply