
विकासखंड पामगढ़ अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल चोरभट्ठी में संकुल स्तरीय विदाई एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश के हाथों संकुल क्षेत्र के 31 शिक्षकों का सम्मान किया गया।
इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों को विदाई भी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश ने कहा कि शिक्षक देश का भविष्य गढ़ने वाले शिल्पी हैं। शिक्षकों के हाथों में ऐसी जादुई छड़ी होती है, जिसके माध्यम से वे बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देकर उन्हें नेता, मंत्री, डॉक्टर, इंजीनियर, न्यायाधीश सहित विभिन्न क्षेत्रों के योग्य नागरिक के रूप में तैयार करते हैं।

विधायक ने शासकीय हाई स्कूल चोरभट्ठी के संकुल प्राचार्य श्री रज्जू कोशले द्वारा एक लाख बीज रोपण के साथ बड़ी संख्या में पीपल एवं बरगद के पौधों के रोपण की पहल की सराहना की। उन्होंने संकुल प्राचार्य को प्रकृति प्रेमी एवं प्रकृति संरक्षक बताते हुए उपस्थित लोगों से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
समारोह में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक संतोष साहू, घनश्याम सिंह ठाकुर, तिलक राम प्रधान एवं चमरू राम श्याम सहित संकुल क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत चोरभट्ठी के सरपंच नेतराम कश्यप ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत खपरी की सरपंच श्रीमती विशाखा धनेश्वर कश्यप, पूर्व सरपंच जानकी कश्यप, पूर्व जनपद सदस्य ललित नायक तथा जिला शिक्षा कार्यालय से श्रवण वैष्णव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन संकुल प्राचार्य रज्जू कोशले ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
