छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

नवागढ़ के जेएल कॉलेज में डांडिया प्रतियोगिता आयोजित स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता के लिए हुआ कार्यक्रम, छात्रों को प्रोत्साहित करने अतिथियों ने किया पुरस्कार वितरण

जांजगीर-चांपा। नवागढ़ के पं. जवाहरलाल नेहरू कॉलेज में आज स्वीप कार्यक्रम के तहत डांडिया प्रतियोगिता कार्यक्रम आयोजित कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने डांडिया का उम्दा प्रदर्शन करते हुए मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। स्पर्धा में बीएड के छात्र-छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके लिए प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवागढ़ बीईओ विजय लहरे थे। वहीं अन्य अतिथियों में पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज के विनोद अग्रवाल, श्रीमती अन्नपूर्णा अग्रवाल, राधाकृष्ण शिक्षा समिति के प्राचार्य डॉ. ऋत्विज तिवारी, पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश शर्मा, उप प्राचार्य सुश्री सिंपल रजक, पत्रकार राजेन्द्र राठौर व हरि अग्रवाल थे। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बीईओ विजय लहरे ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है। सभी नागरिकों को मतदान का अधिकार प्राप्त है, इसलिए मतदान का प्रयोग करते हुए अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने डांडिया की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने सराहा। कॉलेज के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित डांडियां प्रतियोगिता में बीएड के छात्रों ने सुंदर वेशभूषा के साथ ही गु्रप डांस में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके लिए उन्हें 3 हजार रुपए नगद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह अन्य द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ आने वाले समूह को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता पर आधारित कॉलेज के छात्रों ने पोस्टर प्रदर्शनी की थी, जिसका अतिथियों ने प्रशंसा की। पोस्टर प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले छात्र-छात्राओं के साथ ही सभी को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।