छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

अविभाजित जांजगीर चांपा की छह सीटों में कांग्रेस की जीत पक्कीः मो. इब्राहिम मेमन, प्रदेश में बन रही कांग्रेस की सरकार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में इस बार जिस तरह सभी वर्ग के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है, उससे जाहिर है जांजगीर चांपा और सक्ती जिले की छह सीटों में कांग्रेस की जीत पक्की है। वहीं कांग्रेस सरकार के पांच सालों में किए गए कार्यों और फिर से किसान, महिला सहित सभी वर्गों के लिए जन घोषणा पत्र में कई तरह की सौगात को देखते हुए प्रदेश में एकबार फिर कांग्रेस की सरकार बन रही है।

ये बातें जांजगीर चांपा जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. इब्राहिम मेमन ने कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में जब कांग्रेस की सरकार बनी, तो सबसे पहले किसानों का कर्जा माफ किया गया। फिर किसानों के धान का एक-एक दाना समर्थन मूल्य से खरीदा गया। कांग्रेस की सरकार ने जो वादा किया, उसे पूरा किया। इससे प्रदेशवासियों में कांग्रेस ने अपना भरोसा कायम किया है। इसी भरोसे के दम पर कांग्रेस ने इस बार चुनाव लड़ा है और प्रदेश की जनता ने फिर से कांग्रेस की सरकार बनाने अपना जनादेश दे दिया है। 3 दिसंबर को जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि छत्तीसगढ़ की जनता को सिर्फ कांग्रेस पर ही भरोसा है। उन्होंने जांजगीर चांपा और सक्ती जिले की छह सीटों पर कांग्रेस के जीतने का दावा किया है।