श्रीमती कल्याणी एवं प्रो. अश्विनी केशरवानी कश्यप जयंती समारोह में सम्मानित

जांजगीर चांपा। अम्बिकापुर नगर केशरवानी वैश्य सभा, नगर महिला और नगर तरूण सभा के संयुक्त आयोजन में महर्षि कश्यप जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम केशरवानी भवन में नगर के समस्त केशरवानी बंधुओं, महिलाओं और नवयुवकों की उपस्थिति में महर्षि कश्यप मुनि की पूजा अर्चना की गई तत्पश्चात् पूरे अम्बिकापुर नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें महर्षि कश्यप मुनि की झांकी निकाली गई।
पूरे नगर के भ्रमण के उपरांत केशरवानी भवन पहुंचकर एक सभा में परिवर्तित हो गई। पुनः महर्षि कश्यप मुनि की आरती उपरांत अतिथियों का सम्बोधन हुआ। अखिल भारतीय केशरवानी वैश्य महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. अश्विनी केशरवानी ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज में अब जागृति आई है, लोगों में भरपूर उत्साह है और आपस में तालमेल बनाकर समाज के उत्थान में लगे हुए हैं। यह एक अच्छा संकेत है और इस कार्यक्रम में महिलाओं और नवयुवको नवयुवतियों की उपस्थिति से कार्यक्रम पूरी तरह से सफल रहा है। राष्ट्रीय महिला महासभा की संरक्षिका श्रीमती कल्याणी केशरवानी ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में महिलाओं की जागृति के लिए बहुत प्रयास किया था जिसकी परिणति आज अम्बिकापुर में देखने को मिला। यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है। आज महिला बहनें समाज के समस्त कार्यक्रम में पूरी सहभागिता निभा रही हैं और समाज की उन्नति के लिए प्रयासरत हैं। अतिथियों ने सभी सामाजिक बंधुओं को महर्षि कश्यप जयंती की हार्दिक बधाई दी। सभा उपरांत प्रो. अश्विनी केशरवानी और श्रीमती कल्याणी केशरवानी का शाल और श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
