
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) के नए अध्यक्ष दीपक म्हस्के के पदभार ग्रहण को लेकर था। मुख्यमंत्री ने दीपक म्हस्के को शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम में सीजीएमएससी की सप्लाई चेन मैनेजमेंट एसओपी का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि सीजीएमएससी की स्थापना वर्ष 2010 में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल में हुई थी। तब से लेकर अब तक यह संस्था राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि दीपक म्हस्के पहले केमिस्ट्री के शिक्षक रह चुके हैं, जिससे उनकी वैज्ञानिक सोच संस्था को नई दिशा देगी और प्रदेश की जनता को फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपनी राज्य स्थापना की रजत जयंती मना रहा है। राज्य बनने के बाद से अब तक स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हुई हैं। एम्स जैसे संस्थान और 13 मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इसका उदाहरण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी है और छत्तीसगढ़ में लाखों लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि दीपक म्हस्के के नेतृत्व में सीजीएमएससी स्वास्थ्य सेवाओं को और ज्यादा प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि सस्ती जेनेरिक दवाइयों, मेडिकल उपकरणों और बेहतर स्वास्थ्य ढांचे के लिए वर्ष 2010 में इस संस्था की नींव रखी गई थी। उन्होंने कहा कि दीपक म्हस्के जैसे ईमानदार और दूरदर्शी व्यक्ति को इसकी जिम्मेदारी मिलना सकारात्मक बात है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सीजीएमएससी के कार्यों और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, किरण देव, अमर अग्रवाल, सुनील सोनी, रोहित साहू, इंद्र कुमार साव, महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, राहुल भगत और डॉ. बसवराजु एस, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।