छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग रायपुर के अनुसार 7 से 9 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
बुधवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 36°C और पेंड्रारोड में न्यूनतम 22.2°C दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 35.2°C और न्यूनतम 26.6°C रहा, जो सामान्य से क्रमशः 5.6 और 2.3 डिग्री अधिक है। इस दौरान जगदलपुर में 44 मिमी, पेंड्रारोड में 40 मिमी, राजनांदगांव में 50 मिमी, तथा दुर्ग, कोंटा और ओरछा में हल्की बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में 7 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघाच्छन्न रहेगा और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान 34°C के आसपास रहने का अनुमान है।
बिलासपुर में उमस ने बढ़ाई परेशानी
न्यायधानी बिलासपुर में पिछले एक सप्ताह से तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बुधवार को यहां पारा 35.3°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। सावन की ठंडक का एहसास अब लगभग खत्म हो चुका है।
मौसमी सिस्टम
मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, करनाल, मुरादाबाद, खेड़ी, जलपाईगुड़ी से होते हुए अरुणाचल प्रदेश तक फैली है। वहीं, एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश के मध्य भाग में 5.8 से 7.6 किमी ऊंचाई तक सक्रिय है। अगस्त के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।