तूफानी मौसम और मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी युवतियों का उत्साह, 837 से अधिक की सहभागिता के साथ तेजस्विनी युवती सम्मेलन सम्पन्न

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला स्तरीय सम्मेलन में निकली भव्य शोभायात्रा बनी चर्चा का विषय, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण
जांजगीर चांपा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), जिला जांजगीर-चाम्पा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय तेजस्विनी युवती सम्मेलन उत्साह, ऊर्जा और नारी शक्ति के प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में जिलेभर से 837 से अधिक युवतियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और चर्चित दृश्य उस समय देखने को मिला, जब तूफानी मौसम और मूसलाधार बारिश के बावजूद युवतियों ने पूरे उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। बारिश और खराब मौसम भी युवतियों के कदम नहीं रोक सके। शोभायात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘अबला नहीं तूफान हैं, हम भारत की शान हैं’ जैसे नारों से चाम्पा शहर गूंज उठा। युवतियों के अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन की चर्चा पूरे जिले में रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी उपस्थित रहीं। परिषद वक्ता के रूप में राष्ट्रीय कला मंच की प्रदेश संयोजिका सुश्री रिद्धिमा वर्मा, स्वागत समिति अध्यक्ष के रूप में एबीवीपी चाम्पा की स्थायी कार्यकर्ता एवं पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती अनुराधा शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि श्रीमती सत्यलता मिरी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की युवतियां केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल, विज्ञान, रक्षा, सामाजिक कार्य और प्रशासनिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। आवश्यकता है कि उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद ऐसे आयोजनों के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

स्वागत समिति अध्यक्ष एवं पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास ने अपने संबोधन में कहा कि युवतियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए विद्यार्थी परिषद जैसे राष्ट्रवादी संगठन से जुड़ना महत्वपूर्ण है। उन्होंने राष्ट्रवाद का अर्थ समझाते हुए कहा कि सबसे पहले राष्ट्र को रखना ही राष्ट्रवाद है। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित छात्राओं को तेजस्विनी की संज्ञा देते हुए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डाला।
मिशन साहसी से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, ऋतुमति अभियान से स्वास्थ्य जागरूकता
परिषद वक्ता सुश्री रिद्धिमा वर्मा ने विद्यार्थी परिषद की विभिन्न गतिविधियों और रचनात्मक अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिषद प्रतिवर्ष ‘मिशन साहसी’ अभियान के माध्यम से हजारों छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान करती है। वहीं ‘ऋतुमति अभियान’ के जरिए पिछड़ी बस्तियों और वनवासी अंचलों में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जाता है।
सम्मेलन में विशेषज्ञों द्वारा युवतियों को साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य विमर्श एवं आत्मरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां और प्रशिक्षण दिया गया। इन सत्रों के माध्यम से छात्राओं को वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मनिर्भर और सजग बनने का संदेश दिया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, नृत्य और नाटक से दिया सामाजिक संदेश
सम्मेलन के अंतिम चरण में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुप्रसिद्ध कथक नर्तक एवं प्रशिक्षक सुभाष यादव के निर्देशन में नूपुर नृत्य संस्था की बालिकाओं ने कृष्ण विरह की वेदना को अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया। वहीं शासकीय महाविद्यालय उमरेली की छात्राओं ने ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ विषय पर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर नारी सशक्तीकरण और बालिका शिक्षा का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम में जिला छात्रा प्रमुख अनामिका सिंह एवं नगर सह मंत्री अनामिका द्विवेदी उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन अन्नू श्रीवास ने किया तथा आभार प्रदर्शन नगर मंत्री वेणुनारायण देवांगन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में चाम्पा पीजी कॉलेज अध्यक्ष अंशिका सोनी, मंत्री सपना धीवर, उपाध्यक्ष बिंदिया देवांगन सहित निशु कटकवार, ऋतु कुशवाहा, अनुराधा द्विवेदी, हेमपुष्पा और हंसराज सहित विभिन्न इकाइयों की छात्रा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर विभाग प्रमुख प्रो. अरुण गुप्ता, जिला विद्यार्थी विस्तारक ताम्रध्वज साहू, जिला संयोजक उदय पाण्डे, सिद्धार्थ तिवारी, सुशांक शर्मा, प्रांशु गुप्ता, नितेश साहू, अनुराग त्रिपाठी, सुजल राठौर, सागर साहू, परिणय सोनी, गौरव देवांगन, आर्यन सिंह, प्रखर, आशीष देवांगन, सुमन माली, सतीश यादव, ओम प्रकाश गुप्ता, प्रशांत सोनी, कपिल द्विवेदी एवं प्रशांत राजपूत की उपस्थिति रही।
बारिश के बीच निकली भव्य शोभायात्रा और 837 से अधिक युवतियों की सहभागिता ने तेजस्विनी युवती सम्मेलन को जिले का यादगार आयोजन बना दिया। सम्मेलन ने युवतियों को आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, राष्ट्रभावना और सामाजिक नेतृत्व के लिए आगे आने का प्रेरक संदेश दिया।
