
30 अक्टूबर को किसान उत्सव दिवस और गेंदा महोत्सव का आयोजन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का होगा सीधा प्रसारण
जांजगीर-चांपा। जिले के 1,21,359 किसानों के लिए 30 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत जिले के किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से कुल 24.75 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जाएंगे। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा में शुक्रवार को पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
किसान उत्सव के साथ मनेगा गेंदा महोत्सव
कृषि विभाग के उप संचालक राकेश शर्मा ने बताया कि किसान उत्सव दिवस के साथ गेंदा महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा। किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से गेंदा के पौधे वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में रबी फसलों के अंतर्गत दलहन और तिलहन का रकबा बढ़ाने तथा ग्रीष्मकालीन धान और रबी पड़ती के क्षेत्र को कम करने पर जोर दिया जाएगा। किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और खेती से अतिरिक्त आय प्राप्त करने के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।
गांव से जिला स्तर तक होंगे कार्यक्रम
जिला स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र में मुख्य आयोजन के साथ विकासखंड स्तर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालयों तथा ग्राम स्तर पर ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देंगे। इन सभी स्तरों पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी कराया जाएगा।
कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को योजना की किस्त से जुड़ी जानकारी देने के साथ-साथ खेती में विविधता अपनाने, दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने और वैकल्पिक फसलों के माध्यम से आय के नए अवसरों के प्रति जागरूक करना है।