छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

अत्याधुनिक आतिशबाजी के साथ दशहरा उत्सव लोगों के लिए यादगार बनेगा, मैदान के बाहर और अपने घर से भी लोग देख सकेंगे लाइव प्रसारण

चांपा में इस बार दशहरा उत्सव और रावण दहन के दौरान अत्याधुनिक पटाखों की रंग बिरंगी आतिशबाजी सबका मन मोह लेगी। शहर के भालेराय मैदान में 20 अक्टूबर को सेलेब्रिटीज़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच भव्य दशहरा उत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति इस वर्ष कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने में जुटी है।

पत्रकारों को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डीबी वेंचर्स के डायरेक्टर धीरेन्द्र बाजपेयी ने बताया कि विशालकाय 50 फीट ऊंचे रावण का पुतला होगा। इसके साथ 35 फीट के कुंभकरण और 30 फीट के मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। पुतला निर्माण का काम शुरू हो चुका है और कारीगर इन्हें अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

आयोजन समिति के मेंबर पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अत्याधुनिक तरीके होने वाली आतिशबाजी होगा। रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों के दहन के दौरान भव्य आतिशबाजी यादगार दृश्य देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि दशहरा उत्सव में भगवान श्रीराम के राम दरबार की आकर्षक झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। झांकी के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और धर्म की विजय का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही मंच को भी आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी चल रही है।

आयोजन समिति के मेंबर विनोद तिवारी ने बताया कि
दशहरा उत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन से जुड़े अलग-अलग कार्यों के लिए जिम्मेदारियां बांटी गई हैं। मंच, पुतला निर्माण, आतिशबाजी, सजावट, तकनीकी व्यवस्था, अतिथि व्यवस्था और सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने की भी योजना है, ताकि पूरे आयोजन पर नजर रखी जा सके और किसी भी स्थिति में व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।

आयोजन समिति के मेंबर व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने बताया कि इस वर्ष आयोजन की एक और खास बात डिजिटल लाइव प्रसारण होगी। भारी भीड़ या अन्य कारणों से जो लोग भालेराय मैदान तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे यूट्यूब, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे चांपा के दशहरा उत्सव का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इससे चांपा से बाहर रहने वाले लोग भी अपने शहर के दशहरा उत्सव से जुड़ सकेंगे। साथ मैदान के बाहर एलईडी के जरिए लोग सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

आयोजन समिति ने नगरवासियों से परिवार सहित 20 अक्टूबर को भालेराय मैदान पहुंचकर दशहरा उत्सव में शामिल होने की अपील की है। समिति का लक्ष्य इस वर्ष चांपा का दशहरा उत्सव भव्य, सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाना है। प्रेसवार्ता के दौरान सुनील साधवानी, जय थवाईत, रामू ख़ूबवानी, योगेश अग्रवाल, आदित्य शर्मा सहित आयोजन समिति की पूरी मौजूद रही।

Leave a Reply