‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा शारदा मंगलम; पर्यवेक्षक शरद अहीरे और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की उपस्थिति में जुटे कार्यकर्ता

0 ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर जांजगीर में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
जांजगीर-चांपा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “वोट बचाओ, देश बचाओ” महाअभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले में एक वृहद एवं महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन शारदा मंगलम, जांजगीर में संपन्न हुआ। बैठक का मुख्य उद्देश्य मताधिकार की रक्षा के लिए दिल्ली से लेकर देश के प्रत्येक शहर, नगर, कस्बे, गांव और गली-मोहल्ले तक “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारों के साथ संचालित कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत का जायजा लेना था।
इस विशेष बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक शरद अहीरे एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश सह-प्रभारी विजय जांगिड़ का आगमन हुआ, जिन्होंने अभियान की प्रगति एवं जमीनी स्तर पर इसकी प्रभावशीलता की समीक्षा की।
बैठक में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेष राज हरबंश, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की आरंभ में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल ने मंचस्थ अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने उदगार में कहा: “अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में पधारे हमारे राष्ट्रीय एवं प्रांतीय नेतृत्व, विधायकों तथा जिलेभर से आए निष्ठावान बूथ कार्यकर्ताओं का मैं जांजगीर-चांपा की पावन धरा पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता हूँ।
“वोट बचाओ, देश बचाओ” महाअभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का एक पवित्र संकल्प है। हमारे BLA और बूथ स्तर के अध्यक्ष इस लड़ाई के अग्रिम पंक्तियो के योद्धा हैं। जांजगीर-चांपा जिले के एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ इस अभियान को घर-घर और गली-गली तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिनका नाम किन्हीं कारणों से SIR में छूट हुए नामों को वापस मतदाता सूची में शामिल कराएंगे।
पर्यवेक्षक शरद अहीरे ने कहा कि “कांग्रेस पार्टी का इतिहास संघर्ष और लोकतंत्र की रक्षा का रहा है। आज देश में संवैधानिक संस्थाओं और जनता के सबसे बड़े अधिकार—’मताधिकार’ पर हमला हो रहा है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर हम जमीनी हकीकत का आकलन करने आपके बीच आए हैं। बूथ लेवल एजेंट (BLA) और बूथ अध्यक्षों की सजगता ही लोकतंत्र की ढाल बनेगी। हमें हर एक फर्जी वोट के खिलाफ सतर्क रहना है और यह सुनिश्चित करना है कि देश के प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित रहे।”
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि “आज देश ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों से गूंज रहा है, क्योंकि वर्तमान सरकार जनादेश से खिलवाड़ कर सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है। जब-जब देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ा है, तब-तब कांग्रेस ने आगे बढ़कर इसकी रक्षा की है। जांजगीर-चांपा की इस क्रांतिकारी भूमि से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि हम जनता के अधिकारों का हनन नहीं होने देंगे। हमारे कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर जनता को जगाएँगे और लोकतंत्र विरोधी ताकतों को करारा जवाब देंगे।”
प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी,विजय जांगिड़ ने कहा कि “संगठन की असली ताकत उसकी बुनियाद यानी बूथ स्तर पर होती है। यदि हमारा बूथ मजबूत है, तो कोई भी ताकत कांग्रेस के विजय रथ को नहीं रोक सकती। “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के माध्यम से हमें बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों का सूक्ष्म निरीक्षण करना है और BLA की सक्रियता सुनिश्चित करनी है। हमें निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की बहाली के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।”
बैठक को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने केंद्र सरकार और चुनावी प्रणाली पर तीखा हमला बोला तथा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा:
“साथियों, आज देश के सामने सबसे बड़ा संकट हमारे संविधान और लोकतंत्र को बचाने का है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा जिस प्रकार से लोकतांत्रिक संस्थाओं का उपयोग कर जनता के मताधिकार पर डाका डालने का प्रयास किया जा रहा है, वह अत्यंत चिंताजनक है।
जांजगीर चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि “जांजगीर-चांपा की जनता ने हमेशा सत्य और न्याय का साथ दिया है। आज जब जनादेश को हथियाने की साजिशें रची जा रही हैं, तो हमारा दायित्व और बढ़ जाता है। हम अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता तक पहुँचेंगे और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। यह लड़ाई केवल पार्टी की नहीं, बल्कि हर आम नागरिक के अधिकार की लड़ाई है।”
पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने कहा कि
“लोकतंत्र में जनता जनार्दन होती है और उसका वोट ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। जब वोटों की चोरी होने लगे, तो देश की नींव हिलने लगती है। पामगढ़ विधानसभा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस महाअभियान में पूरी ताकत से जुटा है। हम घर-घर जाकर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को इस तानाशाही के खिलाफ जागरूक करेंगे।”
जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि
“जैजैपुर क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान को लेकर उत्साहित हैं। सत्ता के दुरुपयोग से चुनाव जीतने की मंशा रखने वालों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। हमारे BLA और बूथ अध्यक्ष पूरी मुस्तैदी से मैदान में डटे हैं और हर स्तर पर गड़बड़ियों का पर्दाफाश करेंगे।”
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश शर्मा, गुलजार सिंह, रमेश पैगवार, गिरधारी यादव, रफीक सिद्दकी, शिशिर द्विवेदी, टिंकू मेमन, सुनील साधवानी, रामबिलास राठौर, रविंद्र शर्मा, प्रकाश तिवारी, गौरव सिंह, नवल सिंह ठाकुर, महेश्वर टंडन, सदन यादव, जितेंद्र वर्मा देवेश सिंह, काजल किरण, नीता थवाईत, ज्योति किशन, लोकेश राठौर, बाबूलाल जायसवाल भविष्य चंद्राकर, कन्हैया राठौर, अनिल मोदी, प्रिंस शर्मा, पंकज शुक्ला सहित प्रत्येक मंडल व बूथ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा प्रत्येक बूथ के BLA (बूथ लेवल एजेंट) की उपस्थिति रही। इसके साथ ही प्रदेश एवं जिला संगठन के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष तथा आनुषांगिक संगठनों के जिलाध्यक्ष एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आगामी समय में अभियान को और अधिक गति प्रदान करने तथा घर-घर जाकर जनता से संवाद स्थापित करने का संकल्प दिलाया गया।