छत्तीसगढ़रायपुरलाइफस्टाइल

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित हुईं रायपुर की रूना शर्मा, पर्यावरण संरक्षण व समाजसेवा के लिए मिला सम्मान

रायपुर। ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस की प्रदेश महिला सशक्तिकरण, उत्थान सलाहकार एवं रायपुर जिला उपाध्यक्ष आर्ना फाउंडेशन की संस्थापिका कॉस्मेटोलॉजिस्ट रूना शर्मा अत्री को महिलाओं में जागरूकता अभियान चलाने, उन्हें स्वच्छता के लिए प्रेरित करने व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ की सूत्रधार सोनल राजेश शर्मा ने प्रदान किया।

बता दें रूना शर्मा ने बीते वर्ष आल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर लगाया था, जिसमें 178 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं जरुरतमंदो का आवश्यक उपचार किया गया तथा उनकी काउंसिलिंग भी की गई थी। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के आयोजक मंडल ने समाजसेवी व पर्यावरणविद रूना शर्मा के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा कि उनके सफल प्रयास से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी बेहतरीन काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। तभी देश तरक्की कर सकता है। उन्होंने बेजुबान पशुओं के प्रति भी करुणा का भाव रखने के लिए उनकी सराहना की व कहा कि बेजुबान पशुओं के साथ प्रेम रखें। उनके साथ क्रूरता न करें, क्योंकि जानवर हमेशा इंसान से अधिक वफादार देखा गया है। रूना शर्मा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी कार्य कर रही हैं, जिसके लिए उनको कई बार सम्मानित किया जा चुका है।

अब तक मिले कई सम्मान
रूना शर्मा को अब तक कई सम्मान से नवाजा जा चुका है। उन्हें मानवता रत्न सम्मान, दादा साहब फाल्के सम्मान, कुमाऊँ केसरी अवार्ड, राष्ट्र शिरोमणि, डॉक्टरेट अवार्ड, नेशनल इंटरनेशनल अवॉर्ड, काठमांडू नेपाल में सोशल एक्टिविस्ट के लिए भी उनको सम्मानित किया गया था। इसके अलावा अमेरिका, दुबई, थाईलैंड सहित अन्य राज्यों से कई सम्मान से नवाजा गया है

छालीवुड में रही अभिनेत्री
रूना छालीवुड में फिल्म अभिनेत्री रही है। साथ में ड्रीम गर्ल ऑफ छालीवुड का भी सम्मान टाइटल प्राप्त है। रूना शर्मा आगे पशु, पक्षी, पर्यावरण की सेवा में निरंतर काम करना चाहती हैं। इस दौरान आल इंडिया प्रोफेशिओनल कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर, प्रत्युष भारद्वाज, रूना शर्मा, दीप सारस्वत, पुष्पलता त्रिपाठी, प्रीति मिश्रा, प्रवाह नासरे, सोनल राजेश शर्मा आदि उपस्थित थे।