छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो सबरिया डेरों से 130 लीटर महुआ शराब और 1100 किलो लाहन जब्त

देवरी और कमरीद में नदी व नाले के किनारे चल रही अवैध शराब निर्माण गतिविधियों पर विभाग ने दी दबिश, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 130 लीटर महुआ शराब और 1100 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक चढ़ी हुई भट्ठी भी मिली है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी के विशेष मार्गदर्शन में 3 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने देवरी और कमरीद स्थित सबरिया डेरों में दबिश दी।

पहली कार्रवाई देवरी के सबरिया डेरे में नदी किनारे की गई। यहां अवैध शराब निर्माण के लिए चढ़ाई गई एक भट्ठी के साथ 90 लीटर महुआ शराब और 600 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई कमरीद के सबरिया डेरे में नाले के किनारे की गई, जहां से 40 लीटर महुआ शराब और 500 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।

दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक विकास पाल सांडे, यिवरेश कुमार, दीपक ठाकुर, मनीष साहू, विजेंद्र टंडन, गुलशन साहू, देवेंद्र तांडे सहित मुख्य आरक्षक राजेश पांडेय, मुकेश शर्मा, देवदत्त जायसवाल तथा आरक्षक गीता कमल, अंशु पाटनवार एवं नगर सेना के जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अवैध शराब निर्माण पर कार्रवाई जारी

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और भंडारण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply