छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपादेश- विदेशबिलासपुररायपुर

पहले चरण के मतदान में जनता का अंडर करंट आया सामनेः राधिका खेड़ा, पहले चरण में हुआ भाजपा का सफाया, पत्रवार्ता में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बोला हमला

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी राधिका खेड़ा ने मीडिया से बात करते हुए मोदी सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण का मतदान हो गया है। हमारे सर्वे के मुताबिक, पहले चरण के मतदान में ही भाजपा का सफाया हो गया। इंडिया अलाइंस के खाते में सर्वाधिक सीटें आएगी। इसका पता चलते ही पीएम मोदी ने रातोंरात बैठक बुलाकर फटकार भी लगाई।  

जांजगीर के हॉटल ड्रीम पॉइंट में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार जितनी भी योजना बनाती है, सभी सिर्फ एक शख्स अडानी को ध्यान में रखकर बनाती है। देश का सिस्टम चंदा दो और काम लो के आधार पर चल रहा है। ये इलेक्टोरल बांड से स्पष्ट हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा आरक्षण खत्म करना चाहती है। उसका उदाहरण है कि भूपेश सरकार छत्तीसगढ़ में आरक्षण बिल लाई, जिसे भाजपा के राज्यपाल ने आज तक पास नहीं किया। उन्होंने कहा कि महिला, किसान और युवा सभी मोदी का विरोध कर रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार उन्हें धमका रही है। राधिका खेड़ा ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री के 45 से अधिक फोटो अलग-अलग पोज में लगे हैं। जबकि, उनके संकल्प पत्र में मुद्दे की बात कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में नौकरियों का जिक्र ही नहीं है। भाजपा के पूरे मेनिफेस्टो की खास बात ये है कि वो वर्ष 2047 पर आधारित है। मिशन 2047 मतलब आज कल का तो आप उनसे पूछ ही नहीं सकते। भाजपा का मेनिफेस्टो जुमलेबाजी के अलावा कुछ भी नहीं है। वहीं कांग्रेस जो वादे करती है, वह हर हाल में पूरा करती है। उन्होंने कांग्रेस की आधी आबादी को साल भर में एक-एक लाख रुपए देने के लिए बजट की व्यवस्था पर कहा कि हमनें अपने घोषणा पत्र में जितने भी वादे किए हैं, सबका पहले आंकलन किया गया है। उसके बाद ही मेनोफेस्टो तैयार कर जारी किया गया है। इंडिया अलाइंस की सरकार बनते ही सभी घोषणाओं को पूरा किया जाएगा।