
0 अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कौशीन दिखाएंगी प्रतिभा का जलवा
चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 18 अप्रैल 2026 को वर्सेटाइल मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में बिलासपुर की होनहार छात्रा कौशीन सिंह गढ़ेवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है।
अरपा रिवर वैली इंटरनेशनल स्कूल, बिलासपुर की कक्षा 7 की छात्रा कौशीन ने लड़कियों के 30 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार जीत के साथ ही उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की कराटे चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता 7 से 13 मई 2026 तक देहरादून में आयोजित होगी, जहां कौशीन छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
कौशीन, श्री शत्रुघ्न सिंह गढ़ेवाल और श्रीमती सुनीता सिंह गढ़ेवाल की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता ने पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर सभी ने कौशीन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
