छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

नशा मुक्ति अभियान में सुरभि साहू का जलवा, ब्लॉक स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान

चांपा। छत्तीसगढ़ शासन के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगबुदिया में ब्लॉक स्तरीय पोस्टर पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखरीकला की कक्षा 12वीं की छात्रा सुरभि साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में उमरेली, सुखरीकला, कोठारी, तुमान, सेन्दरीपाली, सरगबुदिया, नवापारा, सण्डैल और फरसवानी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक पेंटिंग के माध्यम से नशा मुक्त समाज का संदेश दिया और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। प्रतियोगिता में सण्डैल की मनीषा कश्यप ने द्वितीय तथा तुमान की परमेश्वरी केंवट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने सभी विजेताओं को कलम भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. जगन्नाथ हिमधर, गीता देवी हिमधर, जीवन लाल बंजारे, एस.के. कालेलकर (पीटीआई, सुखरीकला), निर्मल खाखा सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ब्लॉक स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय परिवार ने सुरभि साहू की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply