चैतन्य कॉलेज पामगढ़ में छालीवुड सुपरस्टार मन कुरैशी करेंगे विद्यार्थियों से संवाद

0 आयोजित कार्यक्रम “आरंभ” में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को संघर्ष, सफलता और आत्मविश्वास का देंगे प्रेरक मंत्र
जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता मन कुरैशी आज 25 जुलाई,शनिवार को दोपहर 12:00 बजे चैतन्य कॉलेज, पामगढ़ में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम “आरंभ” में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं से रूबरू होंगे। इस प्रेरणादायी आयोजन में वे अपने जीवन के संघर्ष, कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास, करियर की शुरुआत तथा छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत की सफल यात्रा के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे।
‘हंस झन पगली फंस जबे’, ‘बी.ए. फाइनल ईयर’, ‘मोर छैंहा भुइंया पार्ट-2’, ‘सुकवा’ और ‘मुरली’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से दर्शकों के दिलों में विशेष पहचान बनाने वाले मन कुरैशी विद्यार्थियों को सफलता का मूल मंत्र बताएंगे। वे अनुशासन, सकारात्मक सोच, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास के महत्व पर अपने विचार रखेंगे तथा बताएंगे कि कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखते हुए हर सपना साकार किया जा सकता है।
कॉलेज के संचालक वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि छात्र-छात्राओं को मन कुरैशी से सीधे प्रश्न पूछने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा का महत्वपूर्ण मंच भी बनेगा।
कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए एंट्री पास अनिवार्य रहेगा।
मन कुरैशी इस अवसर पर यह संदेश भी देंगे कि “शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।”