शासकीय हाईस्कूल कशीगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों को कानून, साइबर अपराध और सोशल मीडिया के प्रति किया गया जागरूक

जांजगीर-चांपा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कशीगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहअध्यक्ष के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं को कानून, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में मुख्य वक्ता राजेश खलखो, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जैजैपुर एवं अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति जैजैपुर ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की भूमिका, बच्चों के संरक्षण, अनिवार्य शिक्षा, गरीबी उन्मूलन योजनाओं, भारतीय संविधान के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों, मोटर व्हीकल एक्ट तथा पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन अपनाने, कानून का पालन करने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि समझदार और जागरूक नागरिक ही देश की वास्तविक शक्ति होते हैं।

अधिकार मित्र लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने किशोर न्याय अधिनियम, साइबर अपराध, सोशल मीडिया से जुड़े बढ़ते अपराध, चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, शिक्षा का अधिकार तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नालसा हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी छात्रों को अवगत कराया।
विद्यालय के गणेशी सुरेन ने समाज में बढ़ते अपराधों के बीच कानूनी जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में एस.पी. दुबे ने आभार प्रदर्शन किया। विधिक सेवा प्राधिकरण ने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, अपराधों से दूर रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
