छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

ब्लड कैंसर से जूझ रही दीपमाला को मिली नई उम्मीद, इंजी. पांडेय के प्रयास से इलाज के लिए 17.89 लाख रुपये स्वीकृत

जांजगीर-चांपा। 23 साल की उम्र में जब जिंदगी को सपनों की नई उड़ान भरनी थी, तब ग्राम लोहर्सी (खरौद) की दीपमाला साहू गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। ब्लड कैंसर से पीड़ित दीपमाला के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके माता-पिता के लिए बेहद मुश्किल था। ऐसे कठिन समय में शासन की सहायता उनके परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं समाजसेवी इंजीनियर रवि पाण्डेय के प्रयासों से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत दीपमाला के इलाज के लिए 17.89 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इस राशि से दीपमाला का उपचार एम्स में कराया जा सकेगा।

दीपमाला के परिवार के लिए यह सहायता सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उनकी बेटी की जिंदगी बचाने की उम्मीद है। सहायता राशि स्वीकृत होने के बाद परिजनों के चेहरे पर राहत दिखाई दी और बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है।

इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि जरूरतमंद तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं, दीपमाला के परिजनों ने सहायता के लिए मुख्यमंत्री और सहयोग के लिए रवि पाण्डेय का आभार जताया है। अब परिवार को उम्मीद है कि बेहतर इलाज के बाद उनकी बेटी जल्द स्वस्थ होकर अपने सामान्य जीवन की ओर लौटेगी।

Leave a Reply