Uncategorizedछत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

पकरिया झूलन में बड़ा हादसा टला: तेज बहाव में बह गई मां-बेटी, युवकों ने जान पर खेलकर बचाई जिंदगी

जांजगीर चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र के पकरिया (झूलन) में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बड़े नहर मुख्य मार्ग पुल के नीचे नहाने के दौरान एक मां और उसकी बेटी अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आकर नहर में बह गईं। देखते ही देखते दोनों पानी की तेज धार में दूर जाने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों के लिए यह पल बेहद डरावना था।

लेकिन इसी बीच तीन युवकों ने ऐसा साहस दिखाया, जिसे देखकर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। मां-बेटी को पानी में बहता देख सत्येंद्र सूर्यवंशी (27), रामभरोस सारथी (26) और टोनी प्रकाश खूंटे (19) ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत नहर में छलांग लगा दी।

नहर में इस समय पानी का बहाव काफी तेज था और खुद पानी में उतरना भी बेहद जोखिम भरा था। इसके बावजूद तीनों युवक लगातार मां-बेटी तक पहुंचने का प्रयास करते रहे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मदद नहीं मिलती तो यह घटना किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी।

मां-बेटी के सुरक्षित बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। तीनों युवकों की तत्परता और साहस ने दो जिंदगियां बचा लीं।

सत्येंद्र सूर्यवंशी, रामभरोस सारथी और टोनी प्रकाश खूंटे की इस बहादुरी की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। युवकों ने साबित कर दिया कि मुश्किल घड़ी में इंसानियत और हिम्मत सबसे बड़ी ताकत होती है।

अपनी जान जोखिम में डालकर मां-बेटी को बचाने वाले इन तीनों युवकों ने मानवता, साहस और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

वीडियो..

Leave a Reply