Uncategorized

दिल्ली में हुए बम धमाके की घटना को लेकर जांजगीर-चांपा में पुलिस अलर्ट मोड पर

दिल्ली में हुए बम धमाके की घटना को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले भर के रेलवे स्टेशन, होटल, लॉज, ढाबा, बस स्टैंड और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तथा SDOP चांपा यदुमणि सिदार एवं CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में किया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा चम्पा और नैला रेलवे स्टेशन सहित जिले के कई प्रमुख स्थानों पर यात्रियों और आमजनों की गहन जांच की गई।

पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी तेज कर दी गई है, रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग में वृद्धि की गई है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, तथा किसी भी तरह की लापरवाही या सुरक्षा में सेंध नहीं लगने दी जाएगी।