कुलीकोटा की बेटी पूजा साहू बनी महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षक, बढ़ाया जिले का मान

जांजगीर-चांपा। जिले के जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम कुलीकोटा की 26 वर्षीय पूजा साहू ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा उत्तीर्ण कर महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षक के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। पूजा साहू, विजय साहू और माता चंद्रिका देवी की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है तथा लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

पूजा बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के स्कूल से प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के दौरान भी कड़ी मेहनत जारी रखी। सीमित संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास करती रहीं। लंबे समय तक तैयारी और दिन-रात की मेहनत के बाद उन्होंने CGPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की।
पूजा की इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता और परिवार का विशेष सहयोग रहा। उनकी सफलता से गांव के युवाओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। पूजा ने कहा कि वह अपने पद की जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाते हुए महिला एवं बच्चों के हित में बेहतर कार्य करने का प्रयास करेंगी।