
0 श्रीरामनवमी पर चांपा में भव्य शोभायात्रा व धार्मिक आयोजनों की तैयारियां पूरी
चांपा। श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर श्री रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति चांपा द्वारा भव्य शोभायात्रा एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर नगर में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार भव्य शोभायात्रा शुक्रवार 27 मार्च 2026 को शाम 4 बजे निकाली जाएगी। शोभायात्रा का प्रारंभ रेलवे टैक्सी स्टैंड, पलटन बाबा मंदिर से होगा। जो बरपाली चौक, थाना चौक, सुभाष चौक, सदर बाजार एवं कदम चौक होते हुए नगर भ्रमण कर परशुराम चौक हनुमान मंदिर पहुंचेगा।
महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी रखी गई है। सायं 5 बजे से भजन संध्या, सायं 6 बजे से दीपदान तथा सायं 7 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं के बैठने हेतु अलग से विशेष व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर विशेष आकर्षण के रूप में जीवंत झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें बाहुबली बजरंगबली (रौद्र रूप), भोलेनाथ (रौद्र रूप), नवमुखी काली मां, रामदरबार, अयोध्या की रामलीला सहित अनेक सुंदर झांकियां शामिल रहेंगी।
आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों के सामने दीपक जलाकर एवं रंगोली सजाकर इस पावन पर्व की शोभा बढ़ाएं। साथ ही अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा एवं दीपदान कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।

भव्य शोभायात्रा को लेकर नगर हुआ भगवामय, रामभक्तों में उत्साह- नगर में श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। नगर के सभी रामभक्तों ने मिलकर पूरे शहर को भगवा तोरणों और झंडों से आकर्षक रूप से सजाया है। मुख्य मार्गों से लेकर हर गली-मोहल्ले, चौक-चौराहों और खंभों तक भगवामय वातावरण नजर आ रहा है।
शोभायात्रा की भव्यता को देखते हुए नगर में धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बन गया है। सजावट, झांकियां और रामभक्ति से ओतप्रोत वातावरण इस शोभायात्रा को विशेष और आकर्षक बनाने वाला है। नगरवासी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ इस आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आयोजन समिति ने नगर सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में निकलने वाली इस भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म और आस्था के इस पर्व को सफल बनाएं। समिति ने सभी से आयोजन के दौरान शांति, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखने का भी आग्रह किया है।
