माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड के सदस्य एवं छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के संगठन मंत्री का एक दिवसीय प्रवास

0 “प्रदेश में शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त किया जाए-ओकार सिंह ठाकुर
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रमुख संगठन मंत्री एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य श्री ओंकार सिंह ठाकुर का 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्रों के निरीक्षण हेतु जांजगीर-चांपा एवं कोरबा जिलों का दौरा संपन्न हुआ।
इस दौरान वे जांजगीर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, खोखरा पहुंचे, जहां उन्होंने मूल्यांकन कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात् वे कोरबा जिले के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, साडा एवं आत्मानंद हिंदी उच्च माध्यमिक शाला, कोरबा के लिए प्रस्थान किए।
जांजगीर से कोरबा जाते समय वे चांपा में भी रुके, जहां छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. रविंद्र द्विवेदी, सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष रविंद्र राठौर तथा शिक्षक संघ के जिला सचिव लक्ष्मीनारायण तिवारी ने प्रांतीय मंत्री डॉ. भुवनेश्वर देवांगन के नेतृत्व में उनका सौजन्य भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर संघ के उप प्रांताध्यक्ष डॉ. अशोक गुप्ता का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख संगठन मंत्री श्री ओंकार सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि शासन एवं शिक्षा विभाग शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से पूर्णतः मुक्त कर केवल अध्यापन कार्य पर केंद्रित होने का अवसर प्रदान करें, तो निश्चित रूप से शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार संभव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि शिक्षा विभाग में एनजीओ की भूमिका को पूर्णतः समाप्त किया जाना चाहिए, ताकि शैक्षणिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जवाबदेह बन सके।
अपने कोरबा प्रवास के दौरान श्री ठाकुर ने छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ, कोरबा इकाई की बैठक में भी भाग लिया। बैठक में उन्होंने पुनः शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने, एनजीओ की भूमिका शीघ्र समाप्त करने तथा संगठन को मजबूत एवं सशक्त बनाने के लिए सदस्यता विस्तार पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. अशोक गुप्ता (उप प्रांताध्यक्ष), डॉ. भुवनेश्वर देवांगन (प्रांतीय मंत्री),शंकर दयाल साव, (संभागीय संगठन मंत्री) मानसिंह राठिया (जिलाध्यक्ष), हबेल सिंह अधरिया (जिला सचिव), दया शंकर साहू (जिला उपाध्यक्ष), सुभाष डडसेना, गुलाब दास महंत, हरि राम पटेल, रूपनारायण पटेल, अशोक कुमार खुराना सहित शिक्षक संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।