छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

तिरुपति मिनरल्स की जनसुनवाई शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित, ग्रामीणों ने दिया शत-प्रतिशत समर्थन

जांजगीर-चांपा। तिरुपति मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम हथनेवरा, चांपा में प्रस्तावित कोल वाशरी परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई गुरुवार 29 मई 2026 को शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुई। जनसुनवाई में आसपास के ग्राम हथनेवरा, अफरीद, सोंठी, पिथपुर, मुड़पार, कोटाडबरी सहित अन्य गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने परियोजना का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के युवा रोजगार के लिए बाहर पलायन करने मजबूर हैं, लेकिन इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।

विशेष रूप से हथनेवरा और सोंठी की महिलाओं ने भी जनसुनवाई में भाग लेते हुए परियोजना के पक्ष में अपनी बात रखी। महिलाओं ने कहा कि उद्योग स्थापित होने से क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और परिवारों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने परियोजना को शत-प्रतिशत समर्थन देने की बात कही।

जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, पर्यावरण विभाग के प्रतिनिधि तथा कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को परियोजना से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गईं और पर्यावरण सुरक्षा सहित अन्य पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा। ग्रामीणों ने विकास, रोजगार और क्षेत्र की आर्थिक मजबूती को प्राथमिकता बताते हुए परियोजना के समर्थन में अपनी सहमति व्यक्त की। जनसुनवाई के सफल आयोजन के बाद क्षेत्र में उद्योग स्थापना को लेकर सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।