छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतमजी का छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ द्वारा किया गया अभिनंदन

0 शिक्षकों से संवाद करेगा राज्य शिक्षा आयोग, सुझावों के आधार पर शासन को भेजी जाएगी अनुशंसा : सुधीर गौतम
0 छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ की प्रांतीय बैठक में शिक्षा, पदोन्नति, युक्तियुक्तकरण, प्रशासनिक भर्ती एवं नई शिक्षा नीति पर हुई विस्तृत चर्चा
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ की प्रांतीय बैठक रायपुर स्थित पेंशनबाड़ा कार्यालय के सभागार में प्रांतीय संयोजक संजय सिंह ठाकुर की अध्यक्षता एवं प्रमुख संरक्षक मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित हुई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष एवं राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय अभिनंदन किया गया।
स्वागत एवं सम्मान समारोह में राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम का प्रांतीय, संभागीय एवं जिला पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर सम्मान किया गया। बैठक में शिक्षक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, प्रांतीय महामंत्री मनोज राय, उप प्रांताध्यक्ष अशोक गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष गया राम राजवाड़े सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम ने शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों की तृतीय श्रेणी, पदोन्नति, युक्तियुक्तकरण, प्रशासनिक पदों पर भर्ती तथा नई शिक्षा नीति से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर राज्य शिक्षा आयोग शिक्षकों से प्रत्यक्ष संवाद करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं संगठन से प्राप्त सभी सुझावों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन कर शासन को आवश्यक अनुशंसाएं भेजी जाएंगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं शिक्षक हितैषी बनाया जा सके।
प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर ने सभी जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा करते हुए विभिन्न जिलों की समस्याओं, उनके समाधान, संगठन की सक्रियता, सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार तथा आगामी प्रमुख मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस दौरान जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष डॉ. रविन्द्र द्विवेदी सहित सभी जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों की समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया।

प्रांतीय अध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर एवं प्रदेश के सहसचिव ने शिक्षकों की त्वरित पदोन्नति, स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता, प्रशासनिक पदों पर भर्ती तथा नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही सभी जिला इकाइयों को सदस्यता अभियान एवं संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने प्रत्येक जिले की गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बैठक एवं स्वागत-अभिनंदन समारोह में कार्यकारी अध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, प्रांतीय महामंत्री मनोज राय, उप प्रांताध्यक्ष अशोक गुप्ता, कोषाध्यक्ष गया राम राजवाड़े, प्रांतीय मंत्री भुवनेश्वर देवांगन, संभागीय अध्यक्ष तरुण राठौर, संभागीय सचिव प्रमोद हंसराज, जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, जिला सचिव लक्ष्मीनारायण तिवारी सहित प्रदेश के सभी जिलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
