
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांजगीर-चांपा जिले से जिला महामंत्री नागेंद्र गुप्ता एवं जिला पंचायत सदस्य लोकेश राठौर का चयन मास्टर ट्रेनर के रूप में किया है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश स्तर पर पहले जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के लिए रायपुर में 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके बाद अब जिले के दो मास्टर ट्रेनर सहित सभी ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 10, 11 और 12 सितंबर को बिलासपुर में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद नागेंद्र गुप्ता और लोकेश राठौर जिले में मंडल अध्यक्षों एवं बूथ अध्यक्षों को संगठनात्मक प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने चयनित मास्टर ट्रेनरों के साथ-साथ सभी ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों से निर्धारित तिथि पर प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की है।