
जांजगीर-चांपा। जिले के पुलिस विभाग में शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से 4 पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया। आदेश में थाना प्रभारी समेत पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एसपी के ट्रांसफर आदेश में हुई लिपकीय त्रुटि ने लोगों का ध्यान खींचा।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अशोक वैष्णव को थाना प्रभारी चांपा से हटाकर रक्षित केंद्र जांजगीर भेजा गया है। वहीं सउनि बाबूलाल दिवाकर को थाना चांपा से रक्षित केंद्र जांजगीर स्थानांतरित किया गया है। निरीक्षक कमलेश शेण्डे को थाना प्रभारी सारागांव से थाना प्रभारी चांपा और निरीक्षक प्रमोद कश्यप को यातायात शाखा से थाना प्रभारी सारागांव पदस्थ किया गया है।
हालांकि, इस स्थानांतरण आदेश में एक छोटी-सी लिपकीय त्रुटि ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। आदेश के नीचे पुलिस अधीक्षक के हस्ताक्षर के पास तारीख 11.10 अंकित दिखाई दे रही है, जबकि आदेश के नीचे दर्ज विवरण के अनुसार आदेश की तारीख 11 सितंबर 2026 है।
इसे प्रथम दृष्टया लिपकीय त्रुटि माना जा सकता है, लेकिन सरकारी आदेशों में तारीख और अन्य विवरण की शुद्धता महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आईएएस व आईपीएस अधिकारियों के स्तर पर जारी आदेशों की अंतिम जांच कितनी गंभीरता से की जाती है। छोटी-सी गलती भले ही हो, लेकिन यह सरकारी कामकाज में प्रूफरीडिंग और रिकॉर्ड की शुद्धता की जरूरत जरूर याद दिलाती है।
