मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा ने धूमधाम से किया सामूहिक ऋषि पंचमी कार्यक्रम का आयोजन

जांजगीर-चांपा। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा जांजगीर द्वारा होटल ग्रीन पार्क, अकलतरा रोड में सामूहिक ऋषि पंचमी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जोन-4 अमर सुल्तानिया की उपस्थिति तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रीना केडिया के निर्देशन में पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कई जोड़ों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में शाखा की ओर से पूजा-पाठ की समस्त सामग्री, भोजन, नाश्ता तथा ऋषि पंचमी उद्यापन के लिए विशिष्ट आचार्य की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया द्वारा कथा आचार्य गोपाल शर्मा का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से स्वागत-अभिनंदन करने के साथ हुई। इसके बाद आचार्य गोपाल शर्मा ने विधिवत पूजा-पाठ का शुभारंभ कराया। ऋषि पंचमी उद्यापन, कथा, हवन एवं आरती के साथ पूजा संपन्न हुई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने कहा कि शाखा द्वारा लगातार दो वर्षों से सामूहिक ऋषि पंचमी कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से वे श्रद्धालु भी सामूहिक रूप से उद्यापन कर पुण्य के भागीदार बन सकते हैं, जो अपने घर पर यह आयोजन नहीं कर पाते। उन्होंने इस परंपरा को आगे भी जारी रखने की कामना की।
शाखा अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने कहा कि उनके अध्यक्ष बनने के बाद लगातार दो वर्षों से सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से उद्यापन कराने का अवसर देना शाखा के लिए भी सौभाग्य और पुण्य का विषय है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं, शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा विशेष उपस्थिति के लिए अमर सुल्तानिया के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में प्रांतीय निर्देशक सुनीता मोदी, संयोजक शिखा अग्रवाल, अध्यक्ष पूनम अग्रवाल, सचिव अनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ममता मोदी, उपाध्यक्ष अंजू अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, मधु शर्मा, शीला अग्रवाल एवं सुधा झाझड़िया सहित बड़ी संख्या में शाखा के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
