जांजगीर-चांपा के विवेक-मनीषा अग्रवाल का कमाल, स्टार प्लस के ‘India’s TOP 1%’ में हुआ चयन

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के लिए एक बार फिर गर्व और खुशी का अवसर सामने आया है। जांजगीर-चांपा जिले के नैला निवासी युवा व्यवसायी विवेक अग्रवाल और उनकी पत्नी मनीषा अग्रवाल का चयन स्टार प्लस के नए गेम शो “India’s TOP 1%” के पांचवें एपिसोड के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार, जिले और प्रदेशवासियों में उत्साह का माहौल है।
इस शो की खासियत यह है कि इसमें सामान्य ज्ञान के बजाय प्रतियोगियों की तार्किक सोच, कॉमन सेंस, लॉजिक और समस्या को समझने की क्षमता को परखा जाता है। प्रत्येक एपिसोड में 100 प्रतियोगी हिस्सा लेते हैं और सवालों का सिलसिला आगे बढ़ने के साथ मुकाबला लगातार कठिन होता जाता है। प्रतियोगियों को अपनी सूझबूझ और सोचने की क्षमता के दम पर अंतिम सवाल तक पहुंचना होता है।
बताया गया कि 12 तारीख को शो की शूटिंग के दौरान विवेक और मनीषा अग्रवाल ने फिल्म अभिनेता एवं शो के होस्ट अनिल कपूर के साथ कुछ विशेष प्रदर्शन भी किए। इन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। उनके लिए यह अनुभव अपने आप में बेहद खास और यादगार रहा।
खास बात यह भी है कि विवेक अग्रवाल इससे पहले देश के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के विजेता रह चुके हैं। अब एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के टीवी गेम शो में उनका चयन होना उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ता है।
‘India’s TOP 1%’ के पांचवें एपिसोड का प्रसारण 3 अक्टूबर को स्टार प्लस पर किया जाएगा। कार्यक्रम की मेजबानी सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनिल कपूर करेंगे।
विवेक और मनीषा के चयन की खबर से नैला सहित पूरे जांजगीर-चांपा जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों को अब 3 अक्टूबर का बेसब्री से इंतजार है, जब वे अपने जिले के इस प्रतिभाशाली दंपती को राष्ट्रीय टेलीविजन पर देख सकेंगे।