चांपा में गूंजेगा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’, 150 वर्ष पूर्ण होने पर होगा सामूहिक गायन समारोह

0 सरस्वती शिशु मंदिर में 25 सितंबर को आयोजन, विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक और नागरिक होंगे शामिल
चांपा। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांपा में विशेष सामूहिक वंदे मातरम् गायन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन 25 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे विद्यालय परिसर में होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. मीनाक्षी चंद्रा, प्राध्यापक, एम.एम.आर. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चांपा तथा विशिष्ट अतिथि प्रदीप नामदेव, अध्यक्ष, नगरपालिका चांपा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी, आचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार के साथ समितिगण, पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, माताएं एवं बहनें सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रभावना से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, मातृभूमि के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। ‘वंदे मातरम्’ भारतीय राष्ट्रचेतना और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत रहा है तथा इसकी 150 वर्षों की यात्रा भारतीय जनमानस में विशेष स्थान रखती है।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों, नागरिकों एवं राष्ट्रप्रेमी बंधु-भगिनियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सामूहिक गायन में सहभागिता करने और आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम: सामूहिक वंदे मातरम् गायन समारोह
दिनांक: 25 सितंबर 2026
समय: प्रातः 10 बजे
स्थान: सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांपा
जारीकर्ता: प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांपा